जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में मेडिकल बनवाने आई एक महिला ने महिला चिकित्सक से मारपीट की है। चिकित्सालय प्रशासन पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
मंगलवार सुबह एक महिला राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में मेडिकल बनवाने के लिए आई थी। चिकित्सक ने महिला को मेडिकल बनवाने के लिए पुलिस से लिखवाकर लेकर आने को कहा। लेकिन, महिला उल्टा चिकित्सक से ही अभद्रता करने लगी। आरोप है कि इस दौरान उक्त महिला ने आपातकालीन कक्ष में तैनात अन्य स्वास्थ्य कर्मियों से भी अभद्रता की। महिला चिकित्सक जैसे ही कक्ष से बाहर जाने लगी तो उक्त महिला गाली-गलौच करते हुए चिकित्सक के साथ हाथापाई करने लगी। मामले में चिकित्सालय प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है। इसके लिए चिकित्सालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।