जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। चौबट्टाखाल तहसील के अंतर्गत ग्राम घरतोली, पट्टी किमगड़ीगाड़-3 में शनिवार को घर के आंगन में एक महिला पर गुलदार ने हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल को लोगों ने उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल पहुंचाया।
पहाड़ों में गुलदार के हमलों से लोगों में भय का माहौल बनाता जा रहा है। गुलदार और मानव संघर्ष में लोगों को गुलदार के हमले से कभी घायल होना पड़ रहा है तो कभी लोगों को अपनी जान भी गवानी पड़ रही है। ऐसा ही हमला शनिवार रात करीब आठ बजे चौबट्टाखाल तहसील के अंतर्गत ग्राम घरतोली में बताया जा रहा है। जानकारी देते हुए दमदेवल रेंज की रेंजर सूची चौहान ने बताया कि 25 वर्षीय रचना देवी पत्नी रूपचंद अपने रसोई घर के आंगन में रात करीब आठ बजे बाहर निकली। तभी उस पर गुलदार ने हमला कर उसे आंगन के नीचे खेत में फेंक दिया। जिससे महिला घायल हो गयी। गनीमत रही कि महिला गुलदार के हमले से किसी तरह बच निकली। घायल महिला को ग्रामीणों ने रात में उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवखाल लाये। जहां डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि महिला को हमले में चोटें आई हैं। जिनका इलाज कर दिया गया है। वहीं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजपाल बिष्ट घायल महिला का हाल चाल जानने उसके घर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि गत दो दिन पहले भी गुलदार ने पास के गांव गडोली में एक युवक पर भी हमला किया था। बावजूद इसके प्रशासन ने इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। प्रशासन की लापरवाही के कारण एक बार फिर एक बड़ी घटना घट सकती थी। राजपाल बिष्ट ने वन विभाग से इस क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है। इस मौके पर महेंद्र रावत ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस एकेश्वर, अरुणोदय बिष्ट ब्लाक अध्यक्ष पोखडा, नवीनचंद, विजेन्द्र रावत, रतन सिंह, वेदपाल सिंह गुड्डू देवराज, चैन सिंह रावत, विकास रावत आदि उपस्थित रहे।