जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमा पर स्थित मोटाढांग देवरामपुर क्षेत्र में दो गुटों के बीच विवाद हो गया। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस पर एक गुट ने पथराव किया। साथ ही पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों को भी छुड़वाने का प्रयास किया। मामले में पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में लिया है। जबकि, कई अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उपनिरीक्षक विनोद चपराना ने बताया कि गुरुवार रात मोटाढांक देवरामपुर में रामलीला का मंचन हो रहा था। इस दौरान दो गुटों के बीच विवाद हो गया। बताया कि सूचना के बाद वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बताया कि जब वह मौके पर पहुंचकर जशोधरपुर कण्वघाटी निवासी अमन कुमार, देवरामपुर निवासी संजय वेदप्रकाश, कविता व अन्य लोगों से वार्ता कर रहे थे तो इसी दौरान शिवराजपुर निवासी आशीष डबराल मौके पर पहुंचा। बताया कि आशीष को देख संजय, कविता सहित अन्य लोग आक्रोशित हो गए और पकड़ो-पकड़ो मारो चिल्लाने लगे। साथ ही आशीष के साथ अभद्रता करने लगे। बताया कि पुलिस ने मामले को शांत करवाया और संजय, वेदप्रकाश, आशीष को पकड़कर कोतवाली लाने लगी। जैसे ही पुलिस अपने वाहन की ओर बढ़ी। पीछे से कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव करना शुरु कर दिया। साथ ही वाहन के समीप पहुंचकर आरोपितों को छुड़वाने के साथ ही आशीष डबराल को जान से मारने का प्रयास करने लगे। बताया कि घटना में पुलिस कर्मियों को चोट भी आई हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि मामले में देवरामपुर निवासी कविता, कण्वघाटी जशोधरपुर निवासी अमन कुमार, पूनम, सुमन, अंजली, गुड्डी, सुनीता, ऊषा देवी, लक्ष्मी, अनीता देवी, गीता, रोहित, रीता देवी, संगीता, बबली देवी, संगीता, सुषमा देवी, गीता देवी वीरेंद्र सिंह, संजय, वेदप्रकाश सहित अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।