नंदादेवी मंदिर में बाहर से आए युवकों के साथ मारपीट

Spread the love

अल्मोड़ा। नंदा देवी मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज वर्मा ने अल्मोड़ा कोतवाली में नंदा देवी मंदिर परिसर में मारपीट के सम्बन्ध में नामजद तहरीर दी है। दी गई तहरीर में कहा गया है कि नंदा देवी मंदिर परिसर में सायं 4 बजे से लेकर 8 बजे तक लड़के व लड़कियों का जमावड़ा लगा रहता है तथा उनके द्वारा अमर्यादित माहौल बनाया जा रहा है जिससे मंदिर का माहौल खराब हो रहा है। जिस पर मंदिर समिति को गहरी आपत्ति एवं आक्रोश है तथा कई बार बताने के बावजूद भी पुलिस प्रशासन गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुवार 15 जून की सायं अग्निवीर भरती हेतु आए कुछ युवक मंदिर में पूजा अर्चना करने हेतु आए थे। जिन के साथ कुछ युवकों के गैंग द्वारा धारदार हथियारों से मारपीट की गई, जिसमें एक युवक को गंभीर चोटें भी आई हैं तथा एक अन्य युवक को आँख में गंभीर चोट आई है। तहरीर में यह भी कहा गया है कि उक्त मारपीट में शामिल दो युवकों की मंदिर समिति व उसके आस-पास के लोगों द्वारा पहचान की गई है तथा इन्हीं के साथ में कुछ अन्य युवक हैं जिनकी पहचान नहीं हो पाई। दी गई तहरीर में उन्होंने कहा कि उक्त युवकों को बुलाकर उनकी शिनाख्त कराई जाय तथा इनके विरूद्घ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *