नगर निगम के जनरेटर पर लगी आग, हादसा टला

Spread the love

दमकल व नगर निगम कर्मियों ने आग पर पाया काबू
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम परिसर में रखे जनरेटर पर मंगलवार दोपहर अचानक आग लग गई। परिसर में जिस स्थान पर जनरेटर रखा हुआ था, उससे कुछ दूरी पर ही एलआईयू कार्यालय व अन्य मकान थे। ऐसे में एक बड़ा हादसा होने से टल गया। वहीं, सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक जनरेटर पूरी तरह जल चुका था।
लाइट जाने के बाद निगम कार्यालय में विद्युत आपूर्ति के लिए लाखों रुपये का जनरेटर लगाया गया है। यह जनरेटल बिजली जाने पर स्वयं ही स्टार्ट हो जाता था। मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे जब बिजली गई तो जनरेटर स्टार्ट नहीं हुआ। ऐसे में निगम कर्मियों ने सोचा कि शायद जनरेटर में डीजल समाप्त हो गया है। कुछ देर बाद एक अभिसूचना इकाई कर्मी नगर निगम कार्यालय में पहुंचा और जनरेटर में आग लगने की बात कही। सूचना मिलते ही निगम कर्मियों ने नगर निगम में लगे विद्युत उपकरण उठाए और आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। देखते-देखते ही जनरेटर धूं-धूं कर पूरी तरह जल उठा। करीब आधे घंटे बाद पहुंची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जनरेटर को नगर निगम ने खुले स्थान पर रखा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हो सकता है पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण धूप के कारण जनरेटर में आग लगने की घटना हुई हो। जनरेटर जलने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ भी उमड़ी हुई थी। वहीं, कुछ लोग जनरेटर की देखरेख को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *