भैराड़ और रैदुल गांव के सिविल जंगलों में लगी आग

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : गर्मी बढ़ने के साथ ही जंगलों में आग लगने का सिलसिला शुरू हो गया है। बुधवार को सिविल एवं सोयम वन प्रभाग की पौड़ी, सतपुली, श्रीनगर, बीरोंखाल आदि रेंजों के सिविल वन क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं सामने आई।
बीरोंखाल के सिविल सोयम स्यूंसी रेंज के भैराड़, भाखंड, बाडियूं के जंगलों में दो दिनों से आग लगी हुई है। जिससे कई हेक्टेअर वन भूमि इसकी चपेट में आ गई हैं। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि विभाग आग नहीं बुझा पा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता गिरीश रावत, अनूप सिंह, शिव सिंह ने बताया कि जंगलों में लगी आग से कई बहुमूल्य वनस्पति जल कर राख हो गई हैं। वनाग्नि की चपेट में बांज आदि कई हरे पेड़ आए हैं। वहीं बुधवार को सिविल एवं सोयम वन प्रभाग की पौड़ी, सतपुली, श्रीनगर आदि रेंजों के सिविल वन क्षेत्र में आग लगने की घटनाएं सामने आई। वन विभाग के कर्मचारी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। बुधवार को पौड़ी के रैदुल गांव से सटे सिविल जंगलों में आग लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सिविल एवं सोयम वन प्रभाग के डीएफओ प्रदीप कुमार धौलाकंडी ने बताया कि बुधवार को श्रीनगर रेंज के ओंणी, बीरोंखाल रेंज के वन पंचायत भौराड, सतपुली रेंज के कुड़ीगांव के जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *