गोशाला में लगी आग, सूखी घास के कारण आग हुई विकराल

Spread the love

चमोली। नगर क्षेत्र से लगे गोरंग गांव में रविवार सुबह अचानक एक गोशाला में आग लग गई। लोगों ने मवेशी सुरक्षित निकाल लिए लेकिन गोशाला में रखी सूखी घास व अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। सेना के जवानों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग को काबू किया।रविवार को गोशाला में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। परिजनों व अन्य लोगों ने समय रहते गोशाला से सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया जिससे पशुहानि नहीं हुई। मगर गोशाला के अंदर और उसकी छत पर रखी घास व अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। सूखी घास के कारण आग विकराल हुई। पीड़ित वैभव सकलानी ने बताया कि आग की सूचना पर भारतीय सेना की आइबेक्स ब्रिगेड के जवान तुरंत अग्निशमन वाहन के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू किया लेकिन घास और अन्य सामग्री जलने से आर्थिक नुकसान हुआ है।
पूर्णा गांव में लगी आग पर पाया काबू
देवाल। वन विभाग व अलकनंदा ने ग्रामीणों के सहयोग से वन पंचायत पूर्णा में लगी आग पर काबू पा लिया। शनिवार देर रात अचानक वन पंचायत पूर्णा के जंगल में तेजी से आग फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग व अलकनंदा के कर्मी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया। वन पंचायत संगठन के अध्यक्ष गोविंद सोनी ने बताया कि वन दरोगा विजयपाल, सुरेश राम, रजनी देवी, दिग्पाल, लक्ष्मण राम, चंदा देवी, सरस्वती देवी, बाली राम, राकेश आदि के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *