जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दीपावली पर्व के दौरान आगजनी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन विभाग ने भी तैयारी शुरू कर दी है। टीम ने शहर में कबाड़ के गोदामों का निरीक्षण करते हुए व्यापारियों को कबाड़ खुले में नहीं रखने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही गोदामों में अग्निशमन उपकरण रखने के भी निर्देश दिए। कहा कि गोदाम में कार्य करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उपकरण के प्रयोग की जानकारी होनी आवश्यक है।
अग्निशमन अधिकारी रमेश चंद्र गौतम के नेतृत्व में टीम ने नजीबाबाद रोड, झंडाचौक, मालगोदाम रोड, लकड़ीपड़ाव सहित अन्य क्षेत्रों में अभियान चलाया। टीम ने प्रतिष्ठानों व गोदामों में पहुंचकर वहां लगे अग्निशमन उपकरणों की जांच भी की। साथ ही व्यापारियों को आगे से बचाव के प्रति भी जागरूक किया। कहा कि दीपावली के दौरान आग की घटनाओं का अधिक अंदेशा बना रहता है। ऐसे में हमें अपने प्रतिष्ठानों व गोदामों में लगे अग्निशमन उपकरणों को दुरुस्त रखना चाहिए। कहा कि भी आग की घटना होने पर तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दें। अभियान के दौरान व्यापारियों को अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग की तरकीब भी बताई गई। कहा कि उपकरणों के प्रयोग की जानकारी कर्मचारी से लेकर दुकान स्वामी तक को होनी चाहिए।