फायर सर्विस ने मनाया अग्निशमन सेवा दिवस

Spread the love

रुद्रप्रयाग : जनपद स्थित फायर स्टेशन रतूडा में अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत पुलिस कर्मियों ने मुम्बई बंदरगाह पर घटित भीषण अग्निकांड में शहीद हुए 66 वीर अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया। वहीं अग्निशमन सेवा सप्ताह रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। फायर स्टेशन रतूड़ा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए पुलिस उपाधीक्षक रविकांत सेमवाल ने कहा कि अग्निशमन सेवा दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि यह हमें अपने कर्तव्यों और समाज के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराता है। यह दिन हमें याद दिलाता है उन जांबाज फायरमैन की शहादत का, जिन्होंने मानवता की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस देशभर में 14 अप्रैल को मनाया जाता है। 1944 में इसी दिन मुम्बई के विक्टोरिया डॉक पर एक मालवाहक जहाज में आग लगने से हुए भीषण विस्फोट में 66 अग्निशमन कर्मी वीरगति को प्राप्त हुए थे। इस अवसर पर अग्निशमन सेवा सप्ताह की शुरुआत करते हुए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। आगामी सप्ताह में स्कूलों, औद्योगिक इकाइयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण एवं डेमो आयोजित किए जाएंगे। अंत में अग्निशमन कर्मियों को आग की स्थिति में त्वरित और सुरक्षित कार्रवाई के लिए प्रशिक्षित करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर पुलिस एवं फायर कर्मी मौजूद थे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *