कोटद्वार में ट्रिपल तलाक का पहला मामला, पति सहित पांच पर मुकदमा दर्ज

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
कोटद्वार कोतवाली में पहली बार तीन तलाक का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की ओर से डाक के जरिए भेजी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने पीड़िता के पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल जोशी ने बताया कि शुक्रवार को कोतवाली में एक डाक प्राप्त हुई, जिसमें लकड़ीपड़ाव निवासी एक महिला ने अपने पति पर उसे तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पत्र में महिला ने स्वयं को जनपद बिजनौर निवासी बताते हुए कहा कि वर्ष 2015 में उसका विवाह बिजनौर जनपद के अंतर्गत नहटौर निवासी शाहरूख से हुआ। उसके दो बेटे हैं। पिछले दो वर्षों से वह अपने पति के साथ मोहल्ला लकड़ीपड़ाव में किराए के कमरे में रह रही है। बीती 11 जून को शाहरूख ने उसे तीन तलाक देकर घर से बाहर निकाल दिया। वर्तमान में वह अपनी बहन के पास झूलाबस्ती गाड़ीघाट में रह रही है। महिला ने बताया कि बड़ा बेटा उसके पति के साथ है, जबकि दो साल का बेटा उसके पास है। महिला का यह भी आरोप है कि उसका पति काफी समय से उसे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहा था। इधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि दी गई तहरीर के आधार पर पति शाहरूख, ननद रूबी, सास सलमा, ससुर रफीक, नन्दोई शाकिर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *