भोलेनाथ के दरबार में उमड़ रहा आस्था का सैलाब

Spread the love

ऋषिकेश(। भगवान भोलेनाथ के दरबार नीलकंठ मंदिर में शिवभक्तों को तांता लगना शुरू हो गया है। महाशिवरात्रि से पहले ही रोजाना हजारों की संख्या में शिवभक्त नीलकंठ मंदिर में पहुंच रहे हैं। समूचे नीलकंठ क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयकारों की गूंज सुनाई दे रही है। गुरुवार को ब्रह्म मुहूर्त से नीलकंठ शिव मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ, जो कि रात तक जारी रहा। इस दौरान हजारों की संख्या में भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पुण्य कमाया। भोले भक्तों के जत्थे दिनभर पैदल मार्ग से नीलकंठ के लिए कूच करते रहे, जबकि, मोटर मार्ग पर भी शिवभक्तों की आमद से वाहनों का दबाव बढ़ा दिखा। जानकी सेतु और रामझूला पुल भी शिवभक्तों से पूरी तरह से पैक रहा। नीलकंठ मेला क्षेत्र में सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहे। पैदल मार्ग पर पुलिस के साथ राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के वनकर्मी भी सुरक्षा के लिए मोर्चे पर तैनात नजर आए। मालूम हो कि, स्थानीय के साथ ही हरिद्वार, यूपी, हरियाणा और अन्य राज्यों से भक्त जलाभिषेक के लिए पिछले छह दिनों से लगातार नीलकंठ पहुंच रहे हैं। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिसकर्मियों को यात्रा मार्ग और मंदिर परिसर में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *