देहरादून(। शारदीय कांवड़ मेले के बीच हरिद्वार में शिवभक्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। नजीबाबाद हाईवे पर मंगलवार को ऐसी स्थिति बनी कि सड़क का एक हिस्सा कांवड़ लेकर चल रहे शिवभक्तों से भरा नजर आया। धर्मनगरी में भीड़ का दबाव देख पुलिस ने विशेष ट्रैफिक योजना लागू कर दी है। शहर के भीतर और हरिद्वार की सीमा से वाहनों को लौटाया जा रहा है। भारी वाहनों के प्रवेश पर कांवड़ मेले तक प्रतिबंध है। आवश्यक वस्तुओं से जुड़े वाहनों को भी नियंत्रित तरीके से प्रवेश दिया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, बाहर से आने वाले डाक कांवड़ वाहनों को अब गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में खड़ा कराया जा रहा है। सिडकुल क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को सिडकुल में ही रोका जा रहा है, जबकि चिड़ियापुर सीमा से आने वाले वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में नीलधारा की पार्किंग भी तेजी से भरने लगी है। 15 को जलाभिषेक, भीड़ में बढ़ोतरी संभव मुरादाबाद, बिजनौर, बरेली, चंदौसी सहित यूपी के कई जिलों से कांवड़ियों का आगमन लगातार जारी है। मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद समेत आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त हरिद्वार पहुंच रहे हैं। 15 फरवरी को महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक होना है, जिसके चलते भीड़ में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। धर्मनगरी में पार्किंग तक होने लगी हैं पैक हरिद्वार में नेशनल हाईवे से सटी पंतद्वीप, चमगादड़ टापू और लालजीवाला पार्किंग लगभग भरने की स्थिति में पहुंच जा रही है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए हैं। बिजनौर से हल्के वाहन नीलधारा होकर कर रहे प्रवेश यातायात व्यवस्था के तहत बिजनौर से आने वाले कांवड़ वाहन 4.2 पुल से गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में भेजे जा रहे हैं। हरिद्वार से नजीबाबाद जाने वाले हल्के वाहन सीधे भेजे जा रहे हैं। बिजनौर से आने वाले हल्के वाहन 4.2 पुल, गौरीशंकर और नीलधारा होकर शहर में प्रवेश कर रहे हैं। दून-ऋषिकेश मार्ग पर यातायात सामान्य है। हरकी पैड़ी में रौनक, सुरक्षा के कड़े इंतजाम हरकी पैड़ी पर भी शिवभक्तों की भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु गंगा स्नान कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर रहे हैं। बाजार में कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष रौनक है। पूजा सामग्री, शिव प्रतिमा सहित धार्मिक वस्तुओं की बिक्री में इजाफा हुआ है। महाशिवरात्रि को देखते हुए हरकी पैड़ी समेत संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।