देहरादून()। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का 26वां प्रकटोत्सव मंगलवार को सादगी, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन कर उन्हें शुभकामनाएं दीं, वहीं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दरबार साहिब पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दिन के ऐतिहासिक महत्व को साझा करते हुए बताया गया कि आज ही के दिन 10 फरवरी 2000 को ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज ने श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी को शिष्य के रूप में स्वीकार कर दीक्षा दी थी। तब से इस दिन को ‘प्रकटोत्सव’ के रूप में मनाया जाता है। श्री महाराज जी ने इस अवसर पर ‘सेवा परमो धर्म’ का संदेश देते हुए कहा कि एसजीआरआर मिशन उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापरक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। देश-विदेश से पहुंची संगतें प्रकटोत्सव पर श्री दरबार साहिब में विशेष पूजा-अर्चना की गई। उत्तराखंड के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित विदेशों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्री झंडा साहिब पर मत्था टेका और श्री महाराज जी से आशीर्वाद लिया। रक्तदान शिविर में 65 ने दिया खून श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल के ब्लड बैंक, श्री महाकाल सेवा समिति और एसजीआरआर पीजी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में श्री दरबार साहिब परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सेवा और मानवता के इस पुनीत कार्य में 65 यूनिट रक्तदान हुआ। शिविर को सफल बनाने में श्री महाकाल सेवा समिति के अध्यक्ष रोशन राणा एवं उनकी टीम, ब्लड बैंक के कोऑर्डिनेटर अमित चंद्रा और एसजीआरआर पीजी कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष बलबीर कुंवर का सहयोग रहा।