गुलाबी कांठा बुग्याल में उमड़ा पर्यटकों का सैलाब

Spread the love

उत्तरकाशी(। गुलाबी कांठा बुग्याल इन दिनों सर्दियों की ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक यहां बर्फबारी का लुत्फ उठाने पहुंच रहे हैं। यह बुग्याल क्षेत्र पर्यटकों से गुलजार नजर आ रहा है। बड़कोट क्षेत्र की यमुनाघाटी में स्थित गुलाबी कांठा बुग्याल में एक से डेढ़ फीट तक बर्फ जमी है। हालांकि इस बार मौसम की बेरूखी के कारण क्षेत्र में ज्यादा बर्फबारी नहीं हुई। आमतौर पर इस बुग्याल क्षेत्र में सर्दियों में तीन से चार फीट तक बर्फ जमी रहती है। मौजूदा समय में यहां चारों ओर फैली बर्फ, देवदार और भोजपत्र के घने वृक्ष, शांत वातावरण और हिमालयी चोटियों के मनमोहक दृश्य पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं। बड़ी संख्या में विभिन्न राज्यों से पर्यटक, ट्रेकर्स और प्रकृति प्रेमी यहां पहुंच रहे हैं। युवाओं के समूह ट्रेकिंग, स्नो वॉक, फोटोग्राफी और कैंपिंग का भरपूर आनंद ले रहे हैं। स्थानीय निवासी विजय सिंह रावत ने बताया कि सर्दियों में यह बुग्याल मिनी स्नो डेस्टिनेशन के रूप में प्रसिद्ध होता जा रहा है। यहां तक पहुंचने के लिए देहरादून से बड़कोट होते हुए हनुमानचट्टी तक सड़क मार्ग उपलब्ध है। हनुमानचट्टी तक बस और टैक्सी की सुविधा आसानी से मिल जाती है, जिसके बाद लगभग 5–6 किमी का पैदल ट्रेक करना पड़ता है। हर वर्ष यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो रही है जिससे यह क्षेत्र शीतकालीन पर्यटन के रूप में तेजी से पहचान बना रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *