रुद्रपुर। पंतनगर-देहरादून-पिथौरागढ़ हवाई मार्ग पर संचालित फ्लाई बिग की उड़ान सेवा 25 अक्तूबर तक पूरी तरह बंद कर दी गई है। कंपनी ने एयरपोर्ट अथॉरिटी को मेल भेजकर इसकी पुष्टि की है। कंपनी ने मौसम और तकनीकी दिक्कतों को इसका कारण बताया है। हालांकि, सूत्रों के अनुसार यात्रियों की कम संख्या भी इसका एक कारण है। फ्लाई बिग का 19 सीटर डीएचसी-6-400 ट्विन ऑटर विमान पंतनगर से उड़ान भरता था। पिछली उड़ान 18 सितंबर को हुई थी, उसके बाद से कोई उड़ान नहीं आई। फ्लाई बिग ने लगभग एक साल पहले क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत यह सेवा शुरू की थी। इस सेवा से यात्रियों को बड़ी सुविधा मिली थी। पंतनगर से पिथौरागढ़ का सफर केवल 25-30 मिनट और पिथौरागढ़ से देहरादून का सफर 70-75 मिनट में पूरा होता था। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से खराब मौसम और तकनीकी परेशानियों के कारण यह सेवा प्रभावित रही। पिथौरागढ़ में अक्सर खराब मौसम के चलते उड़ानों पर रोक लगती रही। अंततः कंपनी ने 25 अक्तूबर तक उड़ान बंद करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय से कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ा झटका लगा है और देहरादून की हवाई कनेक्टिविटी फिलहाल बाधित हो गई है। अब यात्रियों को लंबी दूरी सड़क मार्ग से तय करनी होगी। वहीं फ्लाई बिग के कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि जुलाई 2024 से अब तक कंपनी ने उनके वेतन से काटे गए ईपीएफ का भुगतान ईपीएफ कार्यालय को नहीं किया है। इससे कर्मचारियों में रोष है।
कोट… फ्लाई बिग कंपनी की ओर से मेल प्राप्त हुआ है, जिसमें 25 अक्तूबर तक पंतनगर सेवा को बंद करने की जानकारी दी गई है। -अनूप गुप्ता, प्रभारी निदेशक, पंतनगर एयरपोर्ट