शहर में छाया रहा कोहरा, बढ़ी ठिठुरन

Spread the love

शनिवार सुबह से ही कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में छाया रहा घना कोहरा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार।
कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में धीरे-धीरे ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा है। शनिवार पूरे दिन शहर में घना कोहरा छाया रहा। ठंड से बचने के लिए शहरवासियों ने अलाव का सहारा लिया। वहीं, ठंड के कारण बाजारों में भी ग्राहकों की बहुत कम संख्या दिखाई दी।
पिछले कुछ दिन से कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में तापमान लगातार गिरता जा रहा है। सुबह शाम पड़ी ठंड के बीच दोपहर के समय धूप से कुछ राहत मिल रही थी, लेकिन शनिवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह पांच बजे से ही कोटद्वार शहर में चारों ओर घना कोहरा छाया हुआ था। सुबह की सैर पर भी बहुत कम लोग ही नजर आए। ठंड से बचने के लिए अधिकांश लोग घरों में ही रजाई के अंदर बैठे रहे। सुबह 11 बजे के बाद बाजार में कुछ लोग घूमते हुए नजर आए। लोगों ने ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों के साथ ही टोपी व दस्तानों का सहारा लिया। क्षेत्रवासी रिंकू कुमार, मोहन सिंह ने बताया कि धीरे-धीरे ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी सड़क पर बेसहारा घूमने वाले लोगों को होती है। बेसहारा लोगों की मदद के लिए नगर निगम को सड़कों के किनारे अलाव जलाने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *