गढ़वाल विवि में फॉग मॉनिटरिंग स्टेशन की हुई स्थापना

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : गढ़वाल विवि के भौतिकी विभाग में फॉग मॉनिटरिंग स्टेशन की स्थापना की गयी है। जिसका मुख्य उद्देश्य गढ़वाल घाटी के क्षेत्रों में होने वाले कोहरे के भौतिक-रासायनिक पहलू की जांच करना है। गढ़वाल विवि के भौतिकी विभाग के सहायक प्राचार्य डा. आलोक सागर गौतम ने बताया कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रॉपिकल मेट्रोलॉजी (आईआईटीएम) पुणे पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय भारत सरकार और गढ़वाल विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के नेतृत्व में फॉग मॉनिटरिंग स्टेशन की स्थापना की गयी है। कहा कि गढ़वाल विवि के भौतिकी विभाग के सहयोग से वरिष्ठ वैज्ञानिक, आईआईटीएम पुणे डॉ. सचिन डी घुडे के नेतृत्व में शीतकालीन कोहरे के अवलोकन स्थल पर फॉग मॉनिटर (एफएम-120), दृश्यता मीटर, स्वचालित मौसम स्टेशन (एडब्ल्यूएस), पीएम 10, पीएम 2.5 सैंपलर जैसे विभिन्न अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए गए हैं। कहा कि उपकरणों की यह वेधशाला गढ़वाल घाटी में अब तक का पहला प्रयास है, जहां कोहरे का अवलोकन किया जा रहा है, जो कि कोहरे की प्रकृति और कारणों की व्यापक जांच करेगा। कहा कि पहाड़ी क्षेत्र में कोहरे के दौरान कम दृश्यता के कारण बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं प्रमुख चिंता का विषय है। प्रारंभिक परिणामों से पता चलता है कि मैदानी क्षेत्रों में देखे जाने वाले कोहरे की तुलना में इस क्षेत्र में होने वाले कोहरे की प्रकृति उथली है। इस क्षेत्र में दृश्यता पैटर्न में उतार-चढ़ाव के साथ कोहरे की अवधि कम रहती है। आगे गहनता से जांच करने पर इस क्षेत्र में कोहरे के जीवन चक्र से उसकी क्रियाविधि का पता लगाया जा रहा है। अध्ययन में गढ़वाल विवि भौतिकी विभाग के वायुमंडलीय एवं अंतरिक्ष भौतिकी प्रयोगशाला के प्रभारी डॉ. आलोक सागर गौतम तथा डॉ. संदीप वाघ के समन्वय से शोधार्थी प्रसन्ना लोनकर तथा संजीव कुमार, करन सिंह एवं श्याम नारायण नौटियाल शामिल हैं। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *