धूमधाम से मनाया गया लोकपर्व फूलदेई

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : इंस्टीट़यूट ऑफ हास्पीटेलिटी, मैनेजमेंट एंड साइंसेज (आईएचएमएस) की ओर से उत्तराखंड का लोक पर्व फूलदेई को धूमधाम से मनाया गया। संस्थान की छात्राओं ने कालेज के कक्षों के दरवाजे पर फूल चढ़ाकर फूलदेई पर्व की खुशी मनाई।
मंगलवार को बलभद्रपुर बीईएल रोड स्थित संस्थान परिसर में बीबीए की छात्राओं ने संस्थान के मुख्य द्वार और बीसीए की छात्राओं ने कक्षा कक्षों की देहरी पर फूल चढाए। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक फूल देई गीत भी गाया। इस अवसर पर संस्थान के ईडी अजयराज नेगी ने संस्थान में कार्यरत सभी कर्मचारियों को फूलदेई पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में युवा पश्चात्य संस्कृति के प्रभाव में आकर अपनी लोक परंपराओं को भूलते जा रहे हैं। उन्होंने सभी कर्मियों से उत्तराखंड की लोक और पौराणिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन के लिए छात्र-छात्राओं में इन लोक पर्वों के प्रति चेतना जगाने की अपील की। डायरेक्टर एकेडमिक डॉ. अश्वनी शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड का प्रसिद्ध लोक पर्व है। फूलदेई त्योहार बच्चों द्वारा मनाए जाने के कारण इसे लोक बाल पर्व भी कहते हैं। प्रसिद्ध त्योहार फूलदेई चैत्र की प्रथम तिथि को मनाया जाता है। अर्थात प्रत्येक वर्ष मार्च 14 या 15 तारीख को यह त्योहार मनाया जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र महीने से ही नववर्ष होता है। नववर्ष के स्वागत के लिए कई तरह के फूल खिलते हैं। इस अवसर पर संस्थान के जन संपर्क अधिकारी नरेश थपलियाल, नवीन रावत, श्रुति नेगी, सोनिया कुमारी रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *