जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत परिवहन विभाग ने आईएचएमएस इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर शहर में यातायात जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों का पालन का संकल्प लिया।
बलभद्रपुर स्थित संस्थान परिसर से निकाली गई रैली को महापौर शैलेंद्र सिंह रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शशि दूबे के नेतृत्व में रैली देवी रोड से होते हुए शहर के मुख्य मार्गों में पहुंची। स्कूटी व मोटर साइकिल में सवार विद्यार्थियों ने शहरवासियों को यातायात के प्रति जागरूक किया। इससे पूर्व आईएचएमएस में कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें परिवहन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात के बारे में जानकारी दी। कहा कि लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अवश्य करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं। जरा सी लापरवाही हमारे साथ ही सड़क पर चलने वाले व्यक्ति के जीवन पर भारी पड़ सकती है। इस मौके पर परिवहन कर अधिकारी जयंत वशिष्ट, बीएस गुसाई, अश्विनी शर्मा, अजय रावत, प्रवीन त्रिपाठी, नरेश थपालियाल, सुशील कुमार, विजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।