पुंगरघाटी में रसोई गैस का संकट गहराया

Spread the love

बागेश्वर। दुग-नाकुरी तहसील के पुंगरघाटी में रसोई गैस का संकट बना हुआ है। निर्धारित तिथि के 15 दिन बाद भी यहां गैस का वाहन नहीं पहुंचा। इससे धान मढ़ाई में लगे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सबसे अधिक परेशानी सड़क से दूर गांव के लोगों को उठानी पड़ रही है। गैस वाहन की उम्मीद में वह रोजाना सिलेंडर सड़क तक ले जा रहे हैं, लेकिन वाहन नहीं आने से निराश होकर लौट रहे हैं।
पुंगरघाटी विकास मंच के संयोजक हरीश कालाकोटी ने बताया कि पुंगरघाटी के चौरा, छातीखेत, दोफाड़,, नाघर, बनलेख सहित क्षेत्र में एक महीने से अधिक समय से गैस का वाहन नहीं पहुंचा है। इस कारण लोग परेशान हो गए हैं। लोगों के दोनों सिलेंडर खाली हो गए हैं। इन दिनों क्षेत्र में धान कटाई और मढ़ाई का काम चल रहा है। मौसम भी खेती के अनुकुल नहीं हो रहा है। लगातार बारिश से किसान पहले से ही परेशान हैं। गैस सिलेंडर नहीं आने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। मनमोहन सिंह, दीवान सिंह, चंचल सिंह ने जल्द गैस वाहन नहीं आने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इधर, एजेंसी के प्रबंधक प्रकाश पंत ने बताया कि क्षेत्र में रूटीन में वाहन भेजे जाते हैं। प्लांट से ही वाहन कम आए हैं। जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *