होली को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान, 16 नमूने जांच को भेजे

Spread the love

अल्मोड़ा()। होली पर्व के मद्देनजर जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि राज्य स्तर से प्राप्त निर्देशों के तहत जिले में अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत सल्ट, भिकियासैंण, चौखुटिया, द्वाराहाट, लमगड़ा और अल्मोड़ा क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मावा, चॉकलेट, मिठाई, घी, तेल और चाय के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। अब तक कुल 16 नमूने एकत्र किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को स्वच्छता और गुणवत्ता के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से दूध और उससे बने उत्पादों को सुरक्षित तरीके से रखने और बेचने, एक्सपायरी हो चुके खाद्य पदार्थों को अलग रखने तथा प्रतिष्ठान का लाइसेंस या पंजीकरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर मोहन सिंह लटवाल और अनुसेवक ईश्वर सिंह नेगी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *