कांवड़ यात्रा में होटलों में हो खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन

Spread the love

ऋषिकेश । एफएसएसएआई के तत्वावधान में होटल एसोसिएशन ऑफ तपोवन की बैठक हुई, जिसमें होटलों के प्रतिनिधियों को कांवड़ यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा के नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई। शुक्रवार को तपोवन स्थित होटल शिवांश इन में एफएसएसएआई में हुई बैठक में होटल एसोसिएशन ऑफ तपोवन लक्ष्मणझूला द्वारा समन्वित विभिन्न होटलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण के उपायुक्त राजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जल्द ही क्षेत्र में कांवड यात्रा शुरू होने को है। ऐसे में होटलों को खाद्य सुरक्षा को लेकर सतर्कता रखनी होगी। सभी प्रतिष्ठानों द्वारा अपना लाइसेंस मुख्य काउंटर पर प्रदर्शित करना जरूरी है। उन्होंने एमआरपी और बिक्री का आधार, वजन और माप का रखरखाव सहित अन्य जानकारियां दी। उन्होंने घरेलू कनेक्शन से आपूर्ति किए गए सिलेंडरों का व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए दुरुपयोग न करने, विभिन्न खाद्य पदार्थों का उचित स्टॉक रखरखाव और कार्यस्थल और सेवा स्थल पर स्वच्छता रखने आदि निर्देश दिए। होटल एसोसिएशन के सचिव मनीष कैंतुरा ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले ग्राहकों को ‘अतिथि देवो भव’ की भावना से सेवा दी जानी चाहिए। मौके पर एनएसएसएआई के सहायक आयुक्त प्रमोद रावत, डीएसओ टिहरी मनोज डोभाल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *