जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : पोखड़ा ब्लॉक के श्रीकोट गांव में शुक्रवार रात को गुलदार के हमले में चार वर्षीय बच्ची की मौत की दर्दनाक घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए गांव में तीन पिंजरे लगा दिये हैं और ट्रेंक्युलाइज टीम को भी तैनात कर दिया गया है। इसके अलावा, ड्रोन की मदद से गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। प्रभारी डीएफओ गढ़वाल जीवन मोहन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आश्वासन दिया कि वन विभाग हर संभव प्रयास कर रहा है ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हो।
शुक्रवार को गांव में खेल रही चार वर्षीय बच्ची रिया पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया और उसे घसीटकर जंगल की ओर ले गया। ग्रामीणों ने काफी तलाश के बाद बच्ची का शव घर से थोड़ी ही दूरी पर बरामद किया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे इलाके में डर का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग उठाई है। क्षेत्रीय वन अधिकारी (एसडीओ) लक्की शाह ने बताया कि वन विभाग ने गांव में ट्रेंक्युलाइज टीम तैनात कर दी है और तीन पिंजरे लगा दिए हैं। जबकि वन कर्मी गश्त भी कर रहे हैं। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के तौर पर 30 प्रतिशत मुआवजा प्रदान कर दिया है।
गुलदार को नरभक्षी घोषित करने की मांग
पौड़ी : विकासखंड पोखड़ा के श्रीकोट गांव में शुक्रवार की रात को 4 साल की मासूम को गुलदार द्वारा निवाला बनाए जाने की घटना से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि पिछले लंबे समय से यहां गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही थी, लेकिन वन विभाग ने समय पर कोई कार्रवाई नहीं की। घटना से आक्रोशित लोगों ने जल्द ही गुलदार को नरभक्षी घोषित कर मारने या पकड़ने की मांग की है। कह कि जल्द ही समस्या से निजात नहीं दिलाए जाने पर ग्रामीण विवश होकर आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।