वनों की देखभाल को वन पंचायतों का गठन जरूरी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी: वन पंचायतों को मजबूत करने को लेकर वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में डीएम ने ग्राम सभा की बैठक के माध्यम से वन पंचायतों के गठन एवं विलोपन की जांच करते हुए उनके प्रस्ताव प्राप्त करने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में आयोजित बैठक में बताया गया कि 70 ऐसी वन पंचायत हैं, जिनके गठन अथवा विलोपन की कार्रवाई संपन्न की जानी है। जिसके लिए डीएम डा.विजय कुमार जोगदंडे ने संबंधित अधिकारियों को ग्राम सभा की बैठक के माध्यम से वन पंचायतों के गठन एवं विलोपन की कार्रवाई करते हुए उनके प्रस्ताव प्राप्त करने के निर्देश दिए। कहा कि जिले में वन पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए व वनों की देखभाल हेतु वन पंचायतों का गठन जरूरी है। डीएम ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि जिन वन पंचायतों में चुनाव प्रक्रिया करानी है वहां सितंबर माह के पहले सप्ताह से प्रारम्भ करते हुए माह के अंत तक चुनाव प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। कहा कि जिले में कुल 2247 वन पंचायतें हैं, जिसमें 320 वन पंचायतों का चुनाव होना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चुनाव प्रक्रिया समय पर पूरी करें। जहां विलोपन व गठन की कार्रवाई करनी है, वहां ग्राम सभा के साथ बैठक कर जो निर्णय सामने आता है उसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत करें। जिससे वहां समय पर कार्रवाई की जा सके। बैठक में डीएफओ गढ़वाल मुकेश कुमार, एडीएम ईला गिरी, डीएफओ सिविल एवं सोयम आरके तिवारी, डीएफओ लैंसडाउन अमरेश कुमार आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *