जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में भर्ती मरीजों का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर भी नाराजगी व्यक्त की। कहा कि सरकार को स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के लिए गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
सोमवार सुबह सुरेंद्र सिंह नेगी अस्पताल में पहुंचे। जहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल जाना। कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर लापरवाह बनी हुई है। कहा कि भले ही राज्य अपना रजत जंयती मना रहा है, लेकिन स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रदेश सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। कहा कि राजकीय बेस चिकित्सालय में चिकित्सकों के 58 पद सृजित है, लेकिन वर्तमान में चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों का भारी टोटा बना हुआ है, ऐसे में गंभीर बीमारी के मरीजों को रेफर करना मजबूरी बन जाता है। कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को दुरस्त करने का भरसक प्रयास किया। जिसमें चिकित्सालयों में आवश्यकतानुसार चिकित्सकों की नियुक्ति की गई, लेकिन सरकार बदलने के बाद स्वास्थ्य सेवाएं चौपट हो गई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिए जाने की मांग की है। इस मौके पर चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल भी वितरित किए गए। इस मौके पर सुधा असवाल, शूरबीर खेतवाल, प्रवीन रावत, विजय नारायण सिंह, प्रकाश लखेड़ा मौजूद रहे।