पूर्व सीएम त्रिवेन्द्र ने युवाओं से मांगी माफी

Spread the love

पेपर लीक घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
श्रीनगर गढ़वाल : पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून में बेरोजगार युवाओं पर हुई लाठी चार्ज की घटना पर कहा कि राज्य का पूर्व मुख्यमंत्री होने व जिम्मेदार नागरिक होने के नाते इस घटना के लिए युवाओं से माफी मांगता हूं। उन्होंने कहा कि यह नहीं होना चाहिए था। अगर युवाओं से थोड़ी गलती हुई भी है तो उसे अनदेखा किया जा सकता था। युवाओं पर बल प्रयोग करने से बचना चाहिए था। उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून में संशोधन की जरूरत है तो उसे करना चाहिए। उन्होंने पेपर लीक घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार के स्तर से ऐसे लोगों पर कार्रवाई की गई है। अब इस तरह की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
शुक्रवार को श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव 2024 मोदी अगेन एंड अगेन के नारे के साथ लड़ा जाएगा। उन्होंने आम बजट को देश को आत्मनिर्भर और विश्व में भारत को महाशक्ति के रूप में स्थापित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि बजट में गरीब, महिलाओं और कर्मचारियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इस बार का बजट बहुत ही संतुलित और ऐतिहासिक है। जिसकी कभी आलोचना नहीं हुई है। प्रधानमंत्री के प्रयासों और कार्यकुशलता से विश्व में भारत का नाम ऊंचा हुआ है। रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के साथ भारत निर्यातक देश भी बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। आज उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में रेल परियोजनाओं का कार्य चल रहा है। कहा जिनकी कल्पना भी नहीं की जा सकती थे ऐसे राष्ट्रीय महत्व के बड़े-बड़े संस्थानों की स्थापना राज्य में हुई है। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र धीरवाण, पूर्व राज्यमंत्री अतर सिंह असवाल, जिला मीडिया प्रभारी गणेश भट्ट, जिला उपाध्यक्ष लखपत भंडारी, अनुग्रह मिश्रा, कुशलानाथ, संजय गुप्ता, विनय घिल्डियाल, जगमोहन नेगी आदि मौजूद रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *