जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जीएमओयू बचाओ संघर्ष समिति ने पूर्व संचालक मंडल पर वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाया है। कहा जांच में अप्रैल 2023 से मार्च 2024 तक दो करोड़ 32 लाख 62 हजार 571 रुपये की वित्तीय अनियमित्ता पाई गई है। कहा कि इस संबंध में उन्होंने पुलिस को तहरीर भी दी है।
समिति के संयोजक महावीर सिंह रावत ने पत्रकारों से वार्ता की। कहा कि वित्तीय अनियमितताओं के लिए बनी जांच समिति ने उन्हें अपनी रिपोर्ट सौंपी है। आरोप लगाया कि पूर्व संचालित संचालक मंडल ने कंपनी के पैसों का दुरुपयोग किया। कहा कि इस अनियमित्ता का मोटर मालिकों को भनक तक नहीं लगी। कहा कि कुछ माह पूर्व जीएमओयू बचाओ संघर्ष समिति का गठन किया गया। जिसके लिए वित्तीय अनियमितताओं की जांच के लिए महावीर सिंह रावत, ताजबर सिंह खत्री, हनुमंत सिंह पटवाल व सत्यानंद भट्ट को लेकर चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया। जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट संचालक मंडल को सौंप दी है। जांच कमेटी ने पूर्व संचालक मंडल की तरफ से विभिन्न मदों में खर्चों की बारीकी से जांच की गई। जिसमें भारी अनियमितता पाई गई। कहा कि वित्तीय अनियमितता के आरोपी कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जा रही है, जबकि पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस कार्यवाही करेगी। इस मौके पर संचालक मंडल के अध्यक्ष भाष्करानंद भारद्वाज, संघर्ष समिति के अध्यक्ष सत्यानंद भट्ट, विजय माहेश्वरी, प्रदीप अग्रवल, डा. चंद्रमोहन खर्कवाल सहित कई वाहन संचालक मौजूद रहे।