जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में चिकित्सकों व अन्य सुविधाओं की कमी पर पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने रोष व्यक्त किया है। कहा कि जनता की सुविधा के लिए तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने बेस अस्पताल का निर्माण करवाया था। लेकिन, वर्तामान सरकार इसकी अनदेखी कर रही है।
शुक्रवार को पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों का हाल जाना। मुलाकात के दौरान मरीजों ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों की कमी के कारण उन्हें समय से उपचार नहीं मिल पा रहा है। ओपीडी में भी चिकित्सक की सलाह लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे पूरा दिन केवल अस्पताल की लंबी-लंबी लाइनों में ही बीत रहा है। बेस अस्पताल केवल रेफर सेंटर बनकर रह गया। सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि वर्ष 2016 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने बेस अस्पताल के भवन का निर्माण किया था। साथ ही मेडिकल कालेज व लालढांग-चिल्लरखाल मोटर मार्ग निर्माण को भी स्वीकृति दी गई। कण्वाश्रम को लेकर भी सरकार ने बेहतर योजनाएं तैयार की थी। लेकिन, सत्ता बदलने के बाद आज कोटद्वार विकास के पथ पर बिछड़ता जा रहा है। कहा कि बेस अस्पताल को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए वह प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता करेंगे।