जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने राजकीय बेस चिकित्सालय की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी व्यक्त की है। कहा कि पर्याप्त चिकित्सक नहीं होने से मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश सरकार को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी और पूर्व मेयर हेमलता नेगी ने बेस हॉस्पिटल का निरीक्षण कर मरीजों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता, दवाइयों की आपूर्ति और निर्माणाधीन डॉक्टर रेजिडेंस (टावर) की प्रगति को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सा स्टाफ से विस्तार से चर्चा की। निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने अस्पताल में डॉक्टरों की कमी और निर्माणाधीन रेजिडेंस टावर (डॉक्टर आवास) को शीघ्र पूरा कराने की आवश्यकता पर बल दिया। कहा कि वह इस विषय को शासन स्तर पर उठाकर जल्द समाधान के लिए वार्ता करेंगे, ताकि जनता को बिना किसी परेशानी के समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि एक ही अस्पताल पर अनावश्यक दबाव कम करने के लिए पूरे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को विकेंद्रित करने की जरूरत है। कहा कि जब डॉक्टरों को स्वास्थ्य शिविरों में भेजा जाता है, तो अस्पताल में उपचार बाधित होता है, जिससे मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।