तहसीलदार कार्यालय में धरने पर बैठे पूर्व विधायक ठुकराल

Spread the love

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री राहत कोष चेक प्रकरण में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सोमवार को तहसीलदार कार्यालय में धरना दिया। तहसीलदार के भविष्य में नियमानुसार चेक वितरण के आश्वासन पर बाद में उन्होंने धरना समाप्त कर दिया।मुख्यमंत्री राहत कोष के चेक देने पर तीन हजार रुपये की मांग करने के मामले में सोमवार को पूर्व विधायक ठुकराल कलेक्ट्रेट स्थित तहसील कार्यालय पहुंचे। तहसीलदार दिनेश कुटेला से नाराजगी जताई। उन्होंने चेक वितरण में तहसील प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। ठुकराल तहसीलदार कार्यालय में ही धरने पर बैठ गए। तहसीलदार के भविष्य में नियमानुसार चेक वितरण के आश्वासन पर उन्होंने 15 मिनट बाद धरना समाप्त कर दिया। ठुकराल ने कहा कि आर्थिक सहायता का कोई भी चेक किसी भी नेता के कार्यालय या घर पर नहीं बांटा जाए। वह तहसील में ही वितरित किया जाए, अन्यथा सरकार द्वारा जनहित में लगाए जा रहे शिविर में दिया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी पैसे की बंदरबांट की जा रही है और 60 प्रतिशत कमीशन लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस चेक प्रकरण में सरकार ने संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। उन्होंने कहा कि गरीबों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *