नईदिल्ली,पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया। उनके नेतृत्व में पाकिस्तानी टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2017 का खिताब जीता था। वह पिछले कुछ सालों में टीम से बाहर चल रहे थे। 2007 में अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाले इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 2023 में पाकिस्तान की ओर से आखिरी मैच (टेस्ट) खेला था। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
सरफराज ने बयान में कहा, पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। 2006 में अंडर-19 टीम को चैंपियन बनाने से लेकर 2017 में चैंपियंस ट्रॉफी उठाने तक, पाकिस्तान की जर्सी में बिताया हर पल खास रहा है। पाकिस्तानी टीम का सभी प्रारूप में कप्तानी करना मेरे लिए एक सपने के सच होने जैसा था। मैंने हमेशा निडर क्रिकेट खेलने और एक एकजुट टीम बनाने की कोशिश की।
सरफराज पाकिस्तान की ओर से टेस्ट क्रिकेट में 3,000 से अधिक रन बनाने वाले इकलौते विकेटकीपर हैं। सरफराज ने साल 2010 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने टेस्ट क्रिकेट की शुरुआत की थी। उन्होंने 54 टेस्ट की 95 पारियों में 37.41 की औसत के साथ 3,031 रन बनाए। इस प्रारूप में 118 रन के उच्चतम स्कोर के साथ उन्होंने 4 शतक और 21 अर्धशतक लगाए।
सरफराज ने अपने वनडे करियर में 117 मैच खेले थे, जिसमें 33.55 की औसत और 87.85 की स्ट्राइक रेट के साथ 2,315 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 105 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 2 शतक और 11 अर्धशतक लगाए। उन्होंने 61 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में भी पाकिस्तानी टीम का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें 27.26 की औसत और 125.26 की स्ट्राइक रेट के साथ 818 रन बनाए थे। उन्होंने 3 अर्धशतक भी लगाए थे।
हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अपनी पुरुष राष्ट्रीय चयन समिति में बदलाव किया। पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अलीम डार के इस्तीफे के बाद अब पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक और सरफराज को चयन पैनल में शामिल किया था। पीसीबी ने चयन समिति की नई संरचना साझा कर दी। अब यह 4 सदस्यीय समिति होगी, जिसमें मिस्बाह, सरफराज, आकिब जावेद और असद शफीक शामिल हैं। यह समिति पाकिस्तान टीम के चयन से जुड़े अहम फैसले लेगी।