विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस मनाया जायेगा

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर एक दिसम्बर को विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस मनाया जायेगा। इस मौके पर विवि के स्थापना में अहम योगदान देने वाले पांच शख्सियतों को सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय योगदान सम्मान के अन्तर्गत कुंज बिहारी नेगी, कृष्णानन्द मैठाणी, वीरेन्द्र कुमार पैन्यूली, मंजूर अहमद बेग और जगदम्बा प्रसाद रतूड़ी को विश्वविद्यालय स्थापना आन्दोलन में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित करेगा। स्वर्ण जयंती समारोह के दूसरे सत्र में कंसोर्टियम ऑफ सेंट्रल यूनिवर्सिटी इन हिमालयन स्टडीज के विभिन्न विश्वविद्यालय के मध्य विभिन्न एम.ओ.यू. होंगे।
विश्वविद्यालय से शिक्षा ग्रहण कर अपने-अपने क्षेत्रों में बड़ी उपलब्धि हासिल करने वाले पूर्व छात्रों को विश्वविद्यालय उपलब्धियों का सम्मान शीर्षक के अन्तर्गत सम्मानित करेगा। गढ़वाल विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने बताया कि विश्वविद्यालय 1 दिसम्बर 2023 को अपने पचास वर्ष पूर्ण कर रहा है। इसलिए स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर गढ़वाल विश्वविद्यालय की स्थापना में असाधारण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को याद करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि गढ़वाल विश्वविद्यालय से अध्ययन कर अनेक छात्र आज देश-विदेश में उच्च पदों पर आसीन है जो विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। स्वर्ण जयंती समारोह के समन्वयक प्रो. वाईपी रैवानी ने बताया कि स्वर्ण जयंती समारोह को धूमधाम से मनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। कहा कि कार्यक्रम की तैयारियों को अन्तिम रूप दिया जा रहा है। कहा कि स्वर्ण जंयती के अवसर पर विश्वविद्यालय के स्थापना के लिए आन्दोलन से लेकर अब तक की स्वर्णिम यात्रा को लेकर एक डॉक्यूमेन्ट्री का प्रदर्शन भी किया जायेगा। गढ़वाल विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. महावीर सिंह नेगी ने बताया कि विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती वर्ष में विश्वविद्यालय के तीनों परिसरों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। जिनकी आख्या समारोह के दौरान प्रस्तुत की जाएगी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *