सलमान खुर्शीद के घर में आगजनी के मामले में चार गिरफ्तार

Spread the love

-बीते दिनों पूर्व कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के घर पर की गई थी फायरिंग व आगजनी
-मुख्य आरोपित अभी भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर, जगह-जगह दी जा रही है दबिश
जयन्त प्रतिनिधि।
नैनीताल : रामगढ़ ब्लॉक के सतखोल क्षेत्र में स्थित पूर्व कानून मंत्री सलमान खुर्शीद के घर में आगजनी और फायरिंग के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से अवैध पिस्टल और मैगजीन भी बरामद हुई है। पुलिस अब मामले के मुख्य आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक पूर्व कानून मंत्री सलमान खुर्शीद द्वारा लिखी किताब के विरोध में 14 नवंबर को उनके कॉटेज के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया था। इस दौरान सलमान खुर्शीद के केयरटेकर ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर उनके आगजनी और फायरिंग करने के आरोप भी लगाए थे। मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने 20 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। साथ ही भवाली सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। गुरुवार को मुक्तेश्वर थाना अध्यक्ष मोहम्मद आसिफ खान अन्य पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में दबिश दे रहे थे। इसी दौरान रामगढ़ रोड स्थित फिश विलेज के सामने उन्हें आरोपित दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना के बाद मुक्तेश्वर थानाध्यक्ष और भवाली कोतवाल अशोक कुमार ने पुलिस टीम के साथ चार आरोपितो को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की तलाशी ली गई तो उनके पास से 32 बोर की अवैध पिस्टल और खाली मैगजीन भी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपित चंदन सिंह लोधियाल ने बताया कि वह रीठा के कुंदन सिंह चिलवाल के नेतृत्व में सलमान खुर्शीद की कोठी पर गए थे। विरोध प्रदर्शन के दौरान आवेश में आकर उन्होंने फायरिंग कर दी थी। मामले में मुकदमा होने और वीडियो वायरल होने के बाद वह वकील के पास जा रहे थे। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि नथुआखान निवासी चंदन सिंह लोधियाल पुत्र हरेंद्र सिंह, सूपी मुक्तेश्वर निवासी उमेश मेहता पुत्र गंगा सिंह मेहता, कृष्णा सिंह बिष्ट पुत्र शंकर सिह बिष्ट, राजकुमार मेहता पुत्र गंगा सिंह मेहता को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपितों को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय पेश किया जाएगा।
बाक्स
मुख्य आरोपित नहीं पकड़े गए तो जारी होगा वारंट
सलमान खुर्शीद की कोठी पर आगजनी को अंजाम देने वाले चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार तो कर लिया है, मगर मामले के मुख्य आरोपित अभी भी पुलिस के शिकंजे से बाहर हैं। मामले में डीआइजी नीलेश आनंद भरणे का कहना है कि पुलिस क्षेत्र में तत्परता से आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही मामले के मुख्य आरोपितो को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यदि आरोपित पकड़ में नहीं आए तो उनके खिलाफ वारंट जारी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *