बागेश्वर()। अल्मोड़ा मैग्नेसाइट फैक्ट्री कर्मचारियों के लिए नया साल सौगात लेकर आया है। सराकर ने 228 कर्मचारियों के भविष्य निधि मद में चार करोड़ की धनराशि का भुगतान किया है। यह राशि एक साल से लंबित चल रही है। इसके लिए कर्मचारियों ने कई बार आंदोलन किया। अब उन्होंने राहत की सांस ली है। डीएम आकांक्षा कोंडे के प्रयासों के फलस्वरूप कंपनी के लगभग 288 कर्मचारियों की भविष्य निधि मद की लगभग चार करोड़ की लंबित धनराशि का भुगतान सुनिश्चित किया गया है। जो एक वर्ष से लंबित थे। कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर डीएम ने कुछ दिन पूर्व ही एक विशेष टीम का गठन किया था। कंपनी के प्रबंध निदेशक को ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए थे। जिला प्रशासन के प्रयासों का परिणाम रहा कि न केवल वर्तमान कर्मचारियों, बल्कि पूर्व में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कार्मिकों की वैधानिक देय राशि भी उनके खातों में प्रेषित की गई। कंपनी के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय, हल्द्वानी के साथ समन्वय कर सभी लंबित प्रकरणों का समाधान किया है। यह भी स्पष्ट किया कि इस भुगतान प्रक्रिया में कंपनी छोड़ चुके एवं सेवानिवृत्त कर्मचारी भी सम्मिलित रहे। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी जिलाधिकारी के प्रयासों से अल्मोड़ा मैग्नेसाइट लिमिटेड के 227 कर्मचारियों को 48 लाख रुपये के बोनस का भुगतान कराया गया था।