चम्पावत। टनकपुर में मधुमक्खियों का आतंक लगातार जारी है। सोमवार को मधुमक्खियों के झुंड ने रेलवे क्रॉसिंग के पास कई लोगों पर हमला कर दिया। इससे चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टनकपुर रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक सोमवार को मधुमक्खियों के झुंड ने कई लोगों पर हमला बोल दिया। इससे वहां से गुजर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान मधुक्खियों का झुंड चार लोगों पर बुरी तरह से चिपट गया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से धुंआ और कंबल डाल कर चारों लोगों को झुंड से छुड़ाया। सभी घायलों 55 वर्षीय बालक राम पुत्र राम भरोसे निवासी वार्ड चार टनकपुर, 64 वर्षीय मेवा राम पुत्र राम भरोसे वार्ड नंबर 11, विष्णुपुरी कालोनी टनकपुर निवासी 27 वर्षीय उमेश प्रजापति पुत्र मेवा राम और 28 वर्षीय जितेंद्र पुत्र प्रदीप कुमार सिविल लाइंस, बरेली को अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार कर रहे डॉ. जितेंद्र जोशी ने बताया कि चारों घायलों की हालत स्थिर है।