निगमों के कर्मचारियों का चार प्रतिशत डीए अटका

Spread the love

देहरादून। राज्य के निगम, निकाय, स्वायत्तशासी संस्थाओं के कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ अभी तक नहीं मिल पाया है। इस पर राज्य निगम कर्मचारी महासंघ ने नाराजगी जताई। जल्द बढ़े हुए डीए का लाभ न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी। राज्य कर्मचारियों को जनवरी 2023 से ही बढ़े हुए चार प्रतिशत डीए का लाभ मिल रहा है। निगमों के कर्मचारियों को ये लाभ नहीं मिल पाया है। राज्य कर्मचारियों को लाभ देने को फरवरी में ही आदेश हो गया था। राज्य निगम कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश राणाकोटी ने कहा कि दो बार शासन स्तर से निगम कर्मचारियों को बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ देने की फाइल तैयार हुई। दोनों बार उच्च स्तर पर फाइल को लटका दिया है। इसे लेकर निगम कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने इसे सीधे तौर पर निगम कर्मचारियों के साथ भेदभाव करार दिया। कहा कि राज्य कर्मचारियों को मिलने वाला कोई भी लाभ सीधे निगम कर्मियों को नहीं मिलता। हर आदेश को लागू कराने को निगम कर्मियों को अलग से मेहनत करनी पड़ती है। दबाव बनाना पड़ता है। इसके कारण कर्मचारियों और शासन दोनों का अनावश्यक समय बर्बाद होता है। जबकि कई बार शासन स्तर पर हुई वार्ताओं में तय हो चुका है कि जो भी आदेश राज्य कर्मचारियों के लिए जारी होगा, उसका सीधा लाभ निगम कर्मचारियों को भी मिलेगा। इसके बाद भी लगातार निगम कर्मचारियों की अनदेखी हो रही है। इसके विरोध में अब आंदोलन ही एकमात्र विकल्प शेष है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *