जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर, लैंसडौन के लिए गर्व का क्षण है कि रेजिमेंट के चार प्रतिभावान फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन प्रतिष्ठित सीनियर नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप ‘संतोष ट्रॉफी’ के लिए हुआ है। यह टूर्नामेंट 21 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक आगरा स्थित शारदा यूनिवर्सिटी में आयोजित किया जाएगा।
गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के फुटबॉल कोच अरूण नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) में चयन ट्रायल आयोजित किए गए थे। इस ट्रायल में गढ़वाल राइफल्स के 16 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिनमें से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर 4 जवानों विश्वजीत नेगी (9 गढ़वाल राइफल्स), प्रवेश रावत (12 गढ़वाल राइफल्स), नवीन रावत (10 गढ़वाल राइफल्स), अजेंद्र सिंह (गढ़वाल स्काउट्स) का चयन राज्य की मुख्य टीम में हुआ है। कोच अरूण नेगी ने बताया कि उत्तराखंड का पहला मैच 21 दिसम्बर को चंडीगढ़, 23 दिसंबर को हरियाणा और 25 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के साथ खेला जाएगा। खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने चयनित जवानों की सराहना करते हुए पूरी उत्तराखंड फुटबॉल टीम को आगामी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।