हल्द्वानी()। बेस चिकित्सालय हल्द्वानी में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ ने एक मार्च से प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन हड़ताल को फिलहाल स्थगित कर दिया है। संघ पदाधिकारियों ने प्रमुख अधीक्षक से वार्ता के बाद यह निर्णय लिया। संघ के सचिव भुवन चंद्र पांडे के अनुसार, अस्पताल में करीब 20-25 पद लंबे समय से रिक्त हैं, जबकि सीमित कर्मचारियों से अतिरिक्त कार्य लिया जा रहा है। कर्मचारियों ने मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न, कार्य के अनुपात में स्टाफ की कमी और अतिरिक्त कार्यभत्ता न मिलने की शिकायत की है। उनका कहना है कि वर्तमान संसाधनों में तीन शिफ्टों में सुचारु कार्य करना संभव नहीं है। संघ ने प्रशासन को 31 मार्च तक समस्याओं के समाधान का समय दिया है। यदि तय समय सीमा तक ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो 1 अप्रैल से फिर से धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। संघ ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रमुख अधीक्षक, कुमाऊं आयुक्त, मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित अधिकारियों को भी भेजा।