निरंकारी मिशन के प्रोजेक्ट अमृत का चौथा चरण 22 को

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मानव सेवा और लोक कल्याण की भावना को साकार करते हुए संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के तहत स्वच्छ जल, स्वच्छ मन अभियान के चौथे चरण का शुभारंभ आगामी रविवार 22 फरवरी को देशभर में एक साथ किया जाएगा। यह अभियान परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज के निर्देशानुसार आयोजित हो रहा है।
संत निरंकारी मंडल हल्दूखाता शाखा के मुखी सतेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया कि इसी क्रम में कण्वाश्रम स्थित मालन नदी में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत स्थानीय स्वयं सेवक जल स्रोतों की सफाई कर स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संदेश देंगे। कहा कि यह विशाल अभियान देशभर में 1500 से अधिक जगहों पर एक साथ संचालित होगा, जिससे यह प्रयास ऐतिहासिक स्वरूप ग्रहण करेगा। उन्होंने बताया कि यह पहल जल संरक्षण को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जीवनशैली को संस्कार के रूप में अपनाने की प्रेरणा देती है। नदियां, झीलों, तालाबों, कुओं और झरनों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए समर्पित इस जनआंदोलन के पहले तीन चरणों में व्यापक जनसहभागिता देखने को मिली। अभियान के दौरान गीत-संगीत, सामूहिक गान, जागरूकता संगोष्ठियों और सोशल मीडिया के माध्यम से जलजनित रोगों तथा स्वच्छता के महत्व पर जनचेतना को बढ़ावा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *