बर्तन बचने के नाम पर फेरी वाले लोगों से ले रहे पुराने मोबाइल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : यदि आपके पास पुराना मोबाइल है और आप इसे कबाड़ समझकर किसी कबाड़ी या फेरी वाले को दे रहे हैं तो जरा सावधान हो जाएं। दरअसल, इन दिनों शहर में बर्तन बचने के नाम पर फेरी वाले लोगों के पुराने मोबाइल एकत्रित कर रहे हैं। दरअसल, उक्त मोबाइल का प्रयोग साइबर अपराध में किया जाता है। ऐसे में अपना पुराना मोबाइल किसी अनजान व्यक्ति को देना आपके लिए महंगा साबित हो सकता है।
वर्तमान में साइबर अपराध तेजी से बढ़ता जा रहा है। बाकायदा पुलिस भी आमजन को साइबर अपराध के प्रति लगातार जागरूक कर रही है। ऐसे में इन दिनों शहर की गलियों में कुछ फेरी वाले बर्तन बेचने के नाम पर लोगों से टूटे-फूटे पुराने मोबाइल ले रहे हैं। पूर्व में कई बड़े शहरों में यह बात सामने आई है कि साइबर अपराधी पुराने मोबाइल को ठीक कराकर इनका इस्तेमाल आनलाइन ठगी में कर रहे हैं। यही नहीं साइबर ठग पुराने मोबाइल का डाटा रिकवर करा लेते हैं। पुराने मोबाइल अपराधियों के लिए साइबर क्राइम का बड़ा माध्यम बन रहा है। ऐसे में शहरवासियों को भी जागरूक रहने की आवश्यकता है। गलियों में बर्तन या अन्य वस्तुओं में छूट के लिए पुराने मोबाइल मांगने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। गलियों में घूमने वाले अधिकांश फेरी वालों का पुलिस में सत्यापन तक नहीं रहता। ऐसे में यह मोबाइल लेकर कोई आपराधिक घटना को अंजाम देते हैं तो पुलिस के हाथ भी खाली ही रहेंगे।
यह बरते सावधान
प्रयास करें कि पुराना मोबाइल न बेचें और अगर बेचना पड़े तो अपने परिचितों को ही दें। उसके बिल और आइएमआईआइ नंबर के आधार पर विधिवत लिखा-पढ़ी कर लें। यदि मोबाइल पूरी तरह से खराब हो गया हैं तो उसको पैसों के लालच में आकर किसी अनजान व्यक्ति को न दें। उसका अपने पास रखें या खुद ही नष्ट करें।