जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में एक महिला को मुकदमे का भय दिखा कर दस लाख की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में कोटद्वार निवासी मंजूबाला का कहना है कि बीते माह आठ जुलाई की सुबह उन्हें अभिषेक शेख, निवासी मांगलिक कालोनी अपार्टमेंट, कोलावार, मुंबई ने व्ह्टस-एप पर काल की। काल में उनके खिलाफ कोलंबो में मामला दर्ज होने की बात कहते हुए आनलाइन मुकदमा समाप्त करने की बात कही। कहा गया कि मुकदमा समाप्त करने के लिए दस लाख रूपए लगेंगे व जांच के बाद पैसा वापस कर दिया जाएगा। बताया कि वे बैंक में गई व दस लाख की एफडी तुड़वा कर उक्त व्यक्ति द्वारा दिए गए एकाउंट में ट्रांसफर कर दिया। बताया कि उक्त व्यक्ति ने दस जुलाई तक उन्हें बातों में उलझाए रखा। इस दौरान उक्त लोग उन्हें आनलाइन ही कोर्ट रूम में जज के आगे बिठा कर स्वयं पैरवी करते नजर आते। लेकिन, उन्हें जैसे ही धोखाधड़ी का अहसास हुआ तो उन्होंने तत्काल काल कट कर दी। इसके बाद भी उक्त लोग अलग-अलग नंबरों से उन्हें फोन कर रहे हैं।