जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सेना में नौकरी दिलवाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया व्यक्ति पूर्व में भी इस तरह की कई घटनाएं कर चुका है। जिससे वह गोरखा रेजिमेंट से भी बर्खास्त हो चुका है।
मतकोट लैंसडौन निवासी बृजमोहन सिंह की ओर से 13 फरवरी को लैंसडौन कोतवाली में तहरीर दी गई थी। जिसमें उन्होंने बताया कि प्रेमनगर देहरादून निवासी मनोज क्षेत्री ने उनके भतीजे को नौकरी दिलवाने के नाम पर दो लाख 90 हजार रुपये लिए थे। लेकिन, पैसे लेने के बाद उसने कोई जवाब नहीं दिया। बताया कि जब उन्होंने मनोज क्षेत्री से पैसे वापस मांगे तो वह आनाकानी करने लगा। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए गए थे। मंगलवार को आरोपित मनोज क्षेत्री को हरि बिहार दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि मनोज शातिर किस्म का अपराधी है। जो वर्ष-2013 में गोरखा रेजिमेंट में भर्ती हुआ था। बताया कि पूर्व में भी वह नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी कर चुका है। जिसके कारण रेजिमेंट ने उसे वर्ष 2022 में बर्खास्त कर दिया था। आरोपित के ऊपर पुलिस ने पांच हजार रुपये का ईनाम रखा गया था। बताया कि आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।