जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भारतीय सेना के जवानों को नैनीताल से हरिद्वार छोड़ने के नाम पर एक चालक से लाखों की ठगी करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में कोटद्वार निवासी अर्जुन सिंह रावत की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि वह एक चालक हैं। 11 जनवरी को उनके वाट्सएप नंबर पर एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह भारतीय सेना का कर्नल है। सेना के कुछ जवानों को नैनीताल से हरिद्वार जाना है। बताया कि व्यक्ति पर भरोसा कर उन्होंने इसके लिए हामी भर दी। जिसके बाद व्यक्ति ने उनसे अपने बैंक खाते से संबंध में जानकारी मांगी। बताया कि जब उन्होंने व्यक्ति को बैंक खाते से संबंधित जानकारी दी तो उनके खाते से एक लाख 94 हजार 997 रुपये कट गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश तनवार ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर मध्य प्रदेश छतरपुरा निगमोया निवासी संदेपी जामले व ग्राम आर्या देवास निवासी अंकित को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।