देहरादून(। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के सख्त निर्देशों के बाद बुधवार सुबह से ही दून पुलिस अलर्ट मोड पर नजर आई। जिले में नगर से लेकर देहात तक सघन और आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को भीड़भाड़ वाले स्थानों और सीमाओं पर लगातार सतर्कता बरतने का सख्त निर्देश दिया है। पूरे जनपद में 20 प्रमुख चेकिंग प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने इन प्वाइंट्स पर मोर्चा संभाला। बाहरी राज्यों और अन्य जिलों से आने वाले निजी व सार्वजनिक वाहनों की बारीकी से तलाशी ली गई। सीमावर्ती चेक पोस्टों और आंतरिक मार्गों पर संदिग्ध रूप से घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके सत्यापन की कार्रवाई भी मौके पर की गई।