ऋषिकेश()। ऋषिकेश में इन दिनों सुबह-शाम घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। कोहरे के कारण सुबह 10 बजे तक विजिबिलिटी कम रहने से सड़कों पर वाहन रेंगने को मजबूर हैं। दोपहर में हल्की धूप के बाद फिर कोहरा छा रहा है। कोहरे के कारण हाईवे पर चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। लंबी दूरी की बसें और ट्रेनें भी निर्धारित समय से देरी से पहुंच रही हैं। तीर्थनगरी में बीती सोमवार देर रात से घना कोहरा छा गया। मंगलवार सुबह सात बजे कोहरा और गहरा हो गया। इससे दृश्यता कम हो गई। वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोहरे के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की गति धीमी हो गई। सुबह के समय कार्यालय और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए निकलने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह नौ बजे के बाद कोहरे की तीव्रता में कमी आई और दृश्यता बेहतर होने लगी। इससे बाद ही यातायात सामान्य हो सका। हालांकि कोहरा छंटने के बाद भी दिनभर ठंड का असर बना रहा। पूर्वाह्न करीब 11 बजे आसमान में सूर्य निकलने के बाद लोगों को कुछ हद तक ठंड से राहत मिली। शाम चार बजे फिर कोहरा छाने लगा। मौसम विभाग के अनुसार हवा के प्रवाह में कमी के चलते न्यूनतम तापमान में इजाफा दर्ज किया गया है। तीर्थनगरी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान नौ डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर का कहना है कि वातावरण में नमी और हवा की गति धीमी होने के कारण आगामी दिनों में भी सुबह के समय कोहरा छाने की आशंका है। सुबह-शाम बाजार में सन्नाटा ऋषिकेश। कोहरे के साथ ठंडी हवाएं चलने से सुबह-शाम बाजार में सन्नाटा है। मंगलवार दोपहर बाजार में ग्राहक पहुंचे। शाम चार बजे बाद बाजार में ग्राहकों की संख्या घटने लगी। शादी-विवाह सीजन के चलते इन दिनों बाजार में खरीदारों की भीड़ जुट रही है। कोहरा छाने के साथ मौसम में ठंडक के चलते ग्राहकों को दिक्कत आ रही है। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा ने कहा कि इन दिनों सुबह-शाम कोहरा छाने के साथ ठंडी हवाएं चलने से ग्राहक दोपहर को खरीदारी को आ रहे है। रेल, बस और हवाई सेवाएं गड़बड़ाई ऋषिकेश। मैदानी क्षेत्र में कोहरा छाने से रेल और बस व हवाई सेवाओं की समय सारिणी गड़बड़ा गई है। मंगलवार को ऋषिकेश पहुंचने वाली ट्रेनें एक से डेढ़ घंटे देरी से पहुंची। यही हाल रोडवेज की बसों का रहा। बसें भी एक से दो घंटे देरी से आ-जा रही हैं। हवाई सेवाएं भी निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। रेलवे के स्टेशन अधीक्षक एसके शर्मा का कहना है कि मैदानी क्षेत्र में कोहरा छाने से ट्रेनें देरी से पहुंच रही है।