बीडीसी की बैठक में छाई रही मूलभूत समस्याएं

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा की क्षेत्र पंचायत बैठक में मूलभूत समस्याएं छाई रही। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को बिजली, पानी, सड़क सहित अन्य समस्याओं से अवगत करवाया। इस दौरान जन प्रतिनिधियों को जल्द समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया गया।
साझासैण स्थित ब्लाक मुख्यालय के सभागार में ब्लाक प्रमुख सूरज नेगी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरूआत पिछले बैठक में प्रस्तावित विकास कार्यों के अनुमोदन से हुई। ग्राम प्रधान रश्मि थपलियाल, राजेश काला, वारिश अहमद, सुमन बिष्ट ने जल जीवन मिशन के तहत बिछाए जा रहे पाइप लाइनों का मुद्दा उठाया। कहा कि वर्तमान में पाइप लाइनों को मानकों के अनुरूप नहीं बिछाया जा रहा है, जिससे भविष्य में पाइप लाइनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने विभागीय कार्यों की जांच की मांग की है। क्षेत्र पंचायत सदस्य जयपाल सिंह ने समस्त ग्रामीणों को पानी के कनेक्शन न दिए जाने पर आक्रोश जताया। कहा कि सभी ग्रामीणों को पानी के कनेक्शन दिए जाए।
ग्राम प्रधान संगीता ने बीडीसी बैठक में अधिकारियों के न पहुंचने का मुद्दा उठाया। कहा कि अधिकारियों के न पहुंचने से शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पाता है। कहा कि बीडीसी बैठकों में सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होनी चाहिए। जिला पंचायत सदस्य सीमा भंडारी व ग्राम प्रधान रजनी देवी ने दुगड्डा नगर पालिका क्षेत्र में नदी में तटबंधों के आगे से तटबंध बनाए जाने पर आपत्ति दर्ज की। कहा कि इस प्रकार के निर्माण से नदी का प्रवाह दूसरी तरफ जा रहा है, जिससे गोदी छोटी, सरड़ा सकाली व ऐता के गांवों के काश्तकारों की कृषि भूमि के कटाव का खतरा बना हुआ है। ग्राम प्रधान मंजू नेगी ने पौखाल क्षेत्र में सड़क के किनारे नालियों के क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया, कहा कि नालियों से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे आम जन का चलना मुश्किल हो रहा है। ग्राम प्रधान किरन देवी चौकीसार-सीला-चुंडई मोटर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह मोटर मार्ग वर्तमान में खस्ताहाल हो रखा है, कहा कि इस मोटर मार्ग का डामरीकरण करवाया जाना जरूरी है। ग्राम प्रधान राजेश मोहन कुकरेती ने वन्य जीवों के आतंक का मुद्दा उठाया, कहा कि क्षेत्र में आए दिन गुलदार, भालू का आंतक बना हुआ है। उन्होंने वन्य जीवों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी वीडी रतूड़ी, ज्येष्ठ प्रमुख सुनील सिंह, कनिष्ठ प्रमुख आरती काला, एडीपीआरओ पंचायतीराज प्रदीप सुंद्रियाल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *