बागेश्वर कपकोट तहसील का कुंवारी और खारबगड़ के आपदा प्रभावित लंबे समय से विस्थापन की बाट जोह रहे हैं। इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक सचिव आपदा प्रबंधन रंजीत सिन्हा से मिले। उन्होंने जल्द गांव विस्थापन करने को कहा। सिन्हा ने बताया कि दोनों गांवों के विस्थापन के लिए धनराशि अवमुक्त करा दी है। जल्द ग्रामीणों को इसका लाभ मिलेगा। कुंवारी और खारबगड़ गांव आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील है। इन गांवों को लंबे समय से विस्थापन की दरकार है। गत दिनों विधायक गड़िया ने खारबगड़ का निरीक्षण किया। ग्रामीणों को जल्द विस्थापित करने का आश्वान दिया। इसी समस्या को लेकर मंगलवार को वह आपदा प्रबंधन सचिव सिन्हा से मिले। उन्होंने अत्यधिक संवेदनशील घरों से परिवारों के विस्थापन और पुनर्वास के सम्बंध में विस्तृत वार्ता की। विधायक ने बताया कि इस दौरान ग्राम पंचायत कुंवारी के प्रभावित परिवारों के विस्थापन और पुनर्वास के लिए दो करोड़, 21 लाख, 70 हजार और खारबगड़ के लिए चार लाख, 25 हजार की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। शीघ्र ही प्रभावित परिवारों को विस्थापित किया जाएगा। कहा कि कुंवारी गांव के लोगों को लंबे समय से पुनर्वास का इंतजार था। जिसे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरा कर दिया है।