जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर में लगातार बढ़ रही जनसमस्याओं पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने रोष व्यक्त किया है। कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने राज्यपाल को ज्ञापन भेजते हुए समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई। कहा कि जनता की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंगलवार को कांग्रेसियों ने मालवीय उद्यान से तहसील तक आक्रोश रैली निकाली। इसके उपरांत उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। जिलाध्यक्ष विनोद डबराल ने कहा कि विगत वर्ष आई आपदा में बहे मालन पुल का निर्माण न होने से भाबर वासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वैकल्पिक मार्ग भी बह गए हैं। वार्डों में ड्रेनेज सिस्टम सही न होने के कारण वर्षा जल का भराव हो रहा है और पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम के द्वारा लोगों से टैक्स वसूले जाने का भी विरोध किया। कहा कि नगर निगम में शामिल किए गए 35 ग्राम सभाओं से अगले दस साल तक टैक्स वसूली न किए जाने की बात कही गई थी। लेकिन, नगर निगम प्रशासन ने संपत्ति कर व भू-कर की वसूली प्रक्रिया शुरू कर दी है। सिंचाई गूलों की मरम्मत तक नहीं की गई है, जिससे काश्तकारों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था भी नहीं हो पाई है और वार्डों में सफाई व्यवस्था चौपट है। ज्ञापन में तमाम समस्याओं के निस्तारण की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में पूर्व महिला जिलाध्यक्ष रंजना रावत, केशर सिंह चौहान, गोपाल सिंह गुसांई, शंकेश्वर प्रसाद सेमवाल, रमेश चंद्र खंतवाल, राजीव जखमोला, विनोद नेगी, विमल बिष्ट मौजूद रहे।