कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग में दंपति के साथ मारपीट, जताया रोष

Spread the love

कोटद्वार से बाइक में सवार होकर बल्ली गांव जा रहा था दंपति
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग पर तीन युवकों व दो युवतियों ने मोटरसाइकिल से बल्ली गांव जा रहे एक दंपति के साथ मारपीट कर दी। मामले में पीड़ित दंपति की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है। वहीं, बल्ली गांव के ग्रामीणों ने कोतवाली में पहुंचकर पुलिस से युवक व युवतियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
बुधवार को पीड़ित बल्ली निवासी नितिन नेगी ने कोतवाली में पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि मंगलवार दोहपर वह अपनी पत्नी व छोटे बच्चे के साथ मोटरसाइकिल में सवार होकर कोटद्वार से अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान दो अलग-अलग मोटरसाइकिल में सवार तीन युवक व दो युवतियों ने उनका रास्ता रोक दिया। कारण पूछने पर युवक व युवती उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर युवक व युवतियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। ग्रामीणों के साथ कोतवाली में पहुंचे जिला पंचायत सदस्य भरत नेगी ने बताया कि कोटद्वार-पुलिंडा मार्ग लगातार असामाजिक तत्वों का अड्डा बनता जा रहा है। आए दिन असामाजिक तत्व ग्रामीणों के साथ अभद्रता करते हैं। मामले की शिकायत कई बार पुलिस से कर चुके हैं। लेकिन, पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं लेती। नतीजा अब असामाजिक तत्व ग्रामीणों के साथ ही मारपीट करने लगे हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *