प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त नहीं मिलने पर रोष, किया प्रदर्शन

Spread the love

खूनीबड़, शिवराजपुर, मोटाढांक के लोगों ने नगर निगम परिसर में किया प्रदर्शन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रधानमंत्री आवास योजना की किस्त नहीं मिलने पर खूनीबड़, शिवराजपुर, मोटाढांक के लोगों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने जल्द किस्त उपलब्ध नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
पार्षद सौरभ नौडियाल के नेतृत्व में आवास योजना के लिए चिहिन्त लोगों ने नगर निगम परिसर में प्रदर्शन किया। नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने कहा कि एक तरफ केंद्र सरकार गरीब लोगों को छत उपलब्ध करवाने का दावा कर रही है। वहीं, नगर निगम लाभार्थियों को पूरी किस्त भी उपलब्ध नहीं कर रहा है। कहा कि वर्ष 2019-20 में उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए दर्ज किया गया था। जिसके लिए वर्ष 2021 में उन्हें प्रथम व द्वितीय किस्त के रूप में 80 हजार रूपए दिए गए थे। उक्त धनराशि से उन्होंने मकान की चारदीवारी खड़ी कर दी। लेकिन, डेढ़ साल बाद भी बाकी तीन किस्तों का भुगतान नहीं हो पाया है। नतीजा, आवास विहीन परिवार छत नहीं डाल पा रहे है। ऐसे में बरसात के दौरान सबसे अधिक परेशानी होती है। कई परिवार अब भी किराए के भवनों में अपने दिन काट रहे हैं। इस मौके पर मीना देवी, मुन्नी देवी, संजो देवी, मनोज कुमार, धर्मेंद्र राजेश सिंह, दिलीप सिंह, मणिराम, मनोज कुमार, संजू देवी, वेदपाल, सुशील, अनिल कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *